कंसार: जहाँ आग भी जलती है, और औरत भी...!!

केले की सूखी हुई पत्तियाँ, आस-पास दो-चार लड़की हाथ में सुप लिए हुए, बीच में बड़ा-सा एक चूल्हा जिसमें धू-धू कर आग जल रही है। उस आग की तपीश में बार-बार वो औरत अपने चेहरे को बचाने की कोशिश कर रही है या फिर उसी आग से खेल रही है समझ नहीं सका। हमारे गाँव में लोग इस जगह को कंसार कहते हैं जहाँ ऊँच-नीच सब आते हैं भुंजा (चावल,गेहूँ,चना, मक्का को आग पर रखे सुराही में लकड़ी से भूंजते हैं ) फॉकने । मैं भी उस दिन चना ले के गया था। उसका नाम सागी वाली है, मैं ने उसका अपना वाला नाम पूछा तो कह बैठी बेटा अब तो यही अपना नाम है। गाँव के लोग उसको सागी वाली (सागी हमारे यहाँ एक जगह का नाम है) ही कहते हैं, शायद हमारे गाँव का इकलौता जिंदा कंसार कहलीजिए या एक धूल फॉकती संस्कृति। यही कंसार उसका पूरा संसार है, यही उसकी रोटी है जितनी देर तक वो इस आग में जलती है रोटी भी उसी अनुपात में मिलता है, मानो उसको मिलने वाला हर रोटी ने आग में जलने की कसम खा रखी हो । और अब तो वहाँ आग भी कम जलती है ! इस फास्ट फूड के युग मे कौन कमबख्त वहाँ जाकर भुंजा फॉकें, कौन उस आग में जले । बाजार ने जिस हद तक शहर को अपनी बाँहो में समेट रखा है उस हद की शुरूआत कहीं न कहीं गाँव से ही होती है ।

समाजिक प्राणी बन चुके इस समाज में हर कोई समाजिक न्याय की ही बात करता है, लेकिन बात करने से कुछ नहीं होता साहब सच में अगर आप समाजिक न्याय के पैरोकार हैं तो सलीके से आपको उन लोगों के बीच जाना होगा, उनके लिए लड़ना होगा, उनकी पैरवी करनी होगी । य़ूँ हवाई बयान देकर आप देश के किसी सुरक्षित कोने में बैठेकर समाजिक न्याय नहीं ला सकते ।
सागीवाली और उसके परिवार को समझते हुए आप अपने सरकार को भी समझिए। जिस समाज में यह औरत जी रही है वहाँ उसकी आबादी बीस से पच्चीस है, जो मुखिया है वो अभिजात है, जाहिर है उसके कौम की आबादी और सारे समाजिक समीकरण उसके पक्ष मे हैं। सरकार की ओर से वृद्धा पेंशन दिया जाता है जो उसके पति को नहीं मिलता जबकि वो कायदे से इसका हकदार है । पेंशन दिया जाता है उसके देवर को जो कि उम्र में उसके पति से छोटा है । सागीवाली कहती है बेटा मुखिया से उसका ठेहुँना भर का मेल-जोल है ।
बकौल सागीवाली-  बेटा हम क्या करें हम कई बार मुखिया के पास गए केतना बार तो टघरा (भगा) दिया, एक दिन औऱ गए तो कहता है कि इ हनुमान जी का प्रसाद है कि सब को बाँटते चले, भागलें यहाँ से !! बेटवा हम केतना बार बीडिओ के पास गए, खूभे चक्कर लगवाया कभी फोटो ले आओ, कभी साहब नहीं हैं, कभी कहता है तुमको नहीं मिल सकता क्यों दो पैसा के लिए पगलाती हो ! ( ये सब बातें कहते हुए चूल्हें मे लगी आग भी उसकी आखोँ मे ठहरी समंदर को सोख न पाई, पर ....!! )
कुछ क्षण के लिए मैं उससे नजर नहीं मिला सका जैसे एक अपराधी मैं भी हूँ फिर भी मैंने उसके बेटों के बारे में पूछा उसने कहा बौआ उ हम्मर की मदद करतई ओक्कर अपने रावण सन –सन तीन गो बेटी छै( वो हमारा क्या मदद करेगा उसकी खुद रावण जैसी तीन-तीन बेटी है) ।
सागीवाली जैसे लोग भी इसी समाज में रहते हैं जहाँ हम-आप समाजिक न्याय की हुंकार भरते हैं, मानवता नाम की चीज भी कुछ होती है ये आप किसी से कहिएगा मत वरना लोग जोर का ठहाका लगाएगें । बस आप और हम खूब पैसे कमाएं यही दुआ है, क्योंकि हर कोई पैसे ही कमा रहा है उसी में पहचान है, इज्जत है, रूतबा है, अगर इसके लिए सागीवाली जैसे औरत का हक मारना है तो हम मारेंगे सरकार से हम क्यों डरें उसके नुमांइदे जो यहाँ बैठे हैं उनको तो हम उनका हिस्सा देते ही हैं । और भैया जितने भी आप दलित चिंतक टाईप के लोग हैं, वो दिल्ली में बैठकर सिर्फ विचार करिए आप के विचार करने से ही हमें अपार खुशी मिलती है, समाजिक न्याय की बात करते रहिए उसी से हमारा पेट भी भरेगा आपको तृप्ति भी मिलेगी। आप वहाँ दिल्ली मे बैठकर किसी उच्च कोटि के संस्थान से हमारे लिए ख्वाब सजाइए तबतक हम अपनी खत्म-सी हो गई जिंदगी की अर्थी सजाते हैं ( मुझे ऐसा लगा चुपके से उस औरत ने मन-ही मन वो सारी बातें कह दी जिसे मैं ताउम्र न पूछ पाता )

 मेरा चना भुंजा गया था उसके पैंतीस रूपैये बन रहे थे, न मेरे पास छुट्टे थे न उसके पास इस बात को वो जान रही थी, उसने कहा पाँच रूपैया रहने दो बौआ बाद में दे देना मेरे पास पचास का नोट था मैंने दे दिया उसने साफ इनकार कर दी, बोली बेटा तुम विदेश के थोड़े हो कल आके दे देना। कल सवेरे ही हमें दिल्ली आना था इसलिए उसके ना चाहते हुए भी उसको मैंने यह विश्वास दिलाते हुए रूपैया दिया कि हर बार मैं चना ले के जाता हूँ , परोपकार का तो कोई सनाल ही नही है अगली बार मैं मेनेज कर लूँगा, ना चाहते हुए भी मेरी जिद के सामने उसको हारना पड़ा । मैंने चना ली और चल दिया उसके पास मेरे पन्द्रह रूपैये रह गए फिर भी लग रहा था मैं ही कर्जदार हूँ....! उस गाँव में रहते हुए भी मैं उस औरत से कभी नहीं मिल पाया था और जब मिला तब जाना कि अपना समाज, अपनी सरकार भला इतना गरीब कैसे हो सकता है ??


Comments

  1. Replies
    1. स्वामी जी शुक्रिया

      Delete
  2. लेखनी की दाद देनी होगी...मैं चाहता हूं कि आप मेरे एक वेबसाइट www.timetoday.in के लिए भी नियमित अपना लेख या ब्लॉग देते रहें..

    ReplyDelete

Post a Comment

Most Read

तेरी कह के.................. लूंगा...!

कहाँ अकबर..कहाँ मोदी.. ?.....!